
खाद्य विभाग की दबिश के साथ ही अब आबकारी विभाग की कार्रवाई, ढाबों की आड़ में जुए का कारोबार चलने की भी शिकायतें
सक्ती: शहर से लगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित होटल और ढाबों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही खबरों का असर अब दिखाई देने लगा है। आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हाईवे किनारे संचालित ढाबों एवं रेस्टोरेंट में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला सक्ती को 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ थीम के अंतर्गत विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान संचालित करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने सक्ती शहर से लगे हाईवे पर स्थित होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।

इस दौरान अतिथि शुद्ध शाकाहारी फैमिली ढाबा से पनीर, पकी हुई अरहर दाल एवं पके चावल के नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र भी जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाईवे किनारे बड़े-बड़े गार्डन और आकर्षक साज-सज्जा दिखाकर आम नागरिकों को अपनी ओर आकर्षित करने वाले कुछ होटल एवं ढाबों की गतिविधियां भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ ढाबों में भोजन और ठहरने की सुविधा की आड़ में कथित रूप से शराब पिलाने और जुआ खिलाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में अब आबकारी विभाग भी इन प्रतिष्ठानों की गतिविधियों की जांच कर रहा है।

ढाबों की आड़ में यदि जुआ या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस विभाग को शिकायतों की गंभीरता से जांच करनी चाहिए, वहीं आबकारी विभाग को भी अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले नियमों और लाइसेंस संबंधी शर्तों के उल्लंघन पर नजर रखनी चाहिए।



