
सक्ती से चंद्रपुर माँ चंद्रहासिनी की 27 वीं भव्य पदयात्रा 14 अक्टूबर को, कलेक्टर,एसपी एवं नपा अध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि
सक्ती: विगत कई वर्षों से अनवरत चली आ रही सक्ती से चंद्रपुर की पदयात्रा का सफल आयोजन चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति के द्वारा किया जा रहा है।

प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी माँ चंद्रहासिनी की 27वीं भव्य पदयात्रा 14 अक्टूबर 2026, दिन बुधवार को दोपहर 2:00 बजे माँ महामाया मंदिर सक्ती से प्रस्थान करेगी, जो चंद्रपुर स्थित माँ चंद्रहासिनी मंदिर तक जाएगी। चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति सक्ती द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह का वातावरण दिख रहा है।
चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति के संयोजक श्री श्याम सुंदर अग्रवाल ( JMD) ने बताया कि सक्ती मां महामाया मंदिर से यात्रा प्रारंभ होकर टेमर, कनेटी, अड़भार, सिंघीतराई, धुरकोट, बघोद, हरदी होते हुए मां चंद्रहासिनी मंदिर चंद्रपुर तक की जाएगी। मार्ग में भद्री चौक में महाभण्डारा का आयोजन भी किया जाएगा।

इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सक्ती जिले की कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक (SP) श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर और नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर अग्रवाल शामिल होंगे। इसके साथ ही, कार्यक्रम में विशेष मार्गदर्शक के रूप में पं. श्री भोलाशंकर तिवारी उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में दिनांक 19/10/26 को 11 बजे से सामुदायिक भवन सक्ती में कन्याभोज एवं विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा साथ ही सायंकालीन भजनसंध्या का भी आयोजन मोनू ठाकुर म्यूजिकल ग्रुप रायगढ़ के द्वारा किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी माता रानी के भक्तों तथा धर्मप्रेमियों से इस भव्य पदयात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।



