
सक्ती में 9 दिसंबर से सजेगा ऐतिहासिक ‘भव्य रौताही मेला’, नगरपालिका की पहल पर इस वर्ष दो स्थानों पर होगा भव्य मेला आयोजन
सक्ती: अंचल की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक ‘भव्य रौताही मेला 2026’ आगामी 9 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है।


सक्ती की परंपरागत संस्कृति को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी भव्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के द्वारा नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर नवप्रयोग करते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।
दिसंबर माह से जनवरी के प्रथम सप्ताह तक चलने वाले रौताही मेला की खास बात यह है कि इस बार सक्ती नगरवासियों को एक ही समय में एकसाथ दो मेला स्थल का आनंद मिलने वाला है।

नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के द्वारा मेला आयोजन का निर्णय लेते हुए नगरवासियों के लिए दो भव्य मेला का आयोजन कराया जा रहा है जिससे नागरिकों को एकसाथ दो मेला का लाभ मिल सके,इससे जनमानस में दोगुना उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय प्रशासन तथा नगरपालिका द्वारा मेला स्थल तय कर दिया गया है।
वर्षों से चली आ रही व्यवस्था के अनुसार पुराना मेला स्थल
मेला ग्राउंड, बुधवारी बाजार पानी टंकी के पास स्थित इस पारंपरिक स्थल पर मेला 9 दिसंबर 2026 से 3 जनवरी 2027 तक चलेगा। वहीं दूसरा मेला स्थल सक्ती रेलवे स्टेशन के समीप तैयार किया जा रहा है, जहाँ 9 दिसंबर से 30 दिसंबर तक मेला का आयोजन किया जाएगा।
मेला स्थलों पर तैयारियां जोरों पर हैं और बाहर से आने वाले व्यापारियों व झूला संचालकों का पहुंचना प्रारंभ हो गया है। इस वर्ष मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए बिजली झूले, सर्कस, जादूगर के शो के साथ कई अन्य मनोरंजन के साधनों की धूम रहेगी। इसके साथ ही खरीदारी के लिए मीना बाजार, हस्तशिल्प के स्टॉल और स्वादिष्ट व्यंजनों से सजी चाट-चौपाटी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचल के लोगों में इस मेला उत्सव को लेकर भारी उत्साह है। प्रशासन और आयोजन समितियों द्वारा मेले में सुरक्षा, पार्किंग और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि सपरिवार आने वाले नागरिकगण बिना किसी असुविधा के सहजता और सुगमता से मेले का आनंद उठा सकें।



