
नपा अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुवा छात्राओं को सायकल वितरण,
सक्ती: छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सक्ती तथा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, कसेरपारा में पात्र छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि श्याम सुंदर अग्रवाल ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सके।
उन्होंने छात्राओं से शासन की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद लाला सोनी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिलीप पटेल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी अमर सिंह राज, सांख्यिकी अधिकारी राकेश अग्रवाल, दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



