
उद्घाटन की हड़बड़ी के कारण रेल्वे फ्लाईओवर कार्य की गुणवत्ता को रखा जा रहा ताक पर,, बनी हुई सड़क कई जगहों पर असमतल,,डामरीकरण की गुणवत्ता जांच की आवश्यकता
सक्ती: राष्ट्रीय राजमार्ग पर सकरेली के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य लगभग पूर्णता की ओर अग्रसर है। जनचर्चा के अनुसार इसी महीने इस फ्लाईओवर का उद्घाटन होना लगभग तय है। सकरेली फ्लाईओवर के पूर्ण हो जाने से सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को समय की बर्बादी से छुटकारा मिल जाएगा।

उक्त कार्य को पूर्ण करने के लिए समय सीमा का दबाव इतना अधिक है कि ठेका कंपनी के द्वारा पूरी तरह से गुणवत्ता को ताक पर रख दिया गया है। जेठा की तरफ से फ्लाईओवर में आगे बढ़ने पर सड़क बहुत ज्यादा असमतल है जिससे दुर्घटना घटने की पूरी संभावना बनती है। तेज गति से वाहन जब इस पर से गुजरेंगे तब वाहनों का डगमगाना तय है, यदि समय रहते इसपर सुधार नहीं किया जाता है तो इस फ्लाईओवर में दुर्घटना घटित होना तय है। सड़क में डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है इसकी भी गुणवत्ता जांच की आवश्यकता अभी से नजर आ रही है।


गौरतलब बात तो यह है कि उपस्थित कर्मचारियों द्वारा बताया जा रहा है कि प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा लगभग रोज दौरा किया जा रहा है बावजूद इस पर किसी भी अधिकारीयों कर्मचारियों का ध्यान नहीं जाना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है।



