
अवैध कारोबार पर लगेगा अंकुश, आम जनता के बीच पुलिस की सहज उपलब्धता और बेहतर तालमेल मेरी प्राथमिकता: एस पी अंकिता शर्मा
- सक्ती: नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया जिसमें जिले भर से पत्रकारों ने भाग लिया।

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपनी प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में चल रहे अवैध कारोबार को पूरी तरह से बंद किया जाएगा साथ ही यातायात संचालन को बहाल करना, जुए, सट्टेबाजी एवं शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

जिले में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए बेसिक पुलिसिंग पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा जिससे आम जनता सहज रूप से पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज करा सके। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए कबाड़ व्यापारियों की नकेल कसने की बात कही। उन्होंने कहा कि चोरी का माल कबाडिय़ों को बेचने वाले और उन्हें खपाने वाले कबाडिय़ों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करेंगी।

पुलिस और आम जनता के बीच परस्पर रिश्तों को लेकर उन्होंने कहा कि आम जनता सहज रूप से पुलिस के पास आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है पीड़ित की शिकायत न सुनने या रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करने वाले पुलिस कर्मियों की तत्काल सूचना हमें दें।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों एवं मीडिया से भी सहयोग की अपेक्षा जाहिर की, ताकि पुलिस विभाग और अधिक सक्रिय होकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सके।



