स्वास्थ्य सुविधाओं को तरसता बाराद्वार, सिविल डिस्पेंसरी के भरोसे तहसील
बाराद्वार- नगर को तहसील का दर्जा तो प्राप्त हो गया मगर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आज भी बाराद्वार तहसील सिविल डिस्पेंसरी पर ही आश्रित है। बाराद्वार नगर से आसपास दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं। इन दर्जनों गाँव से हर रोज हजारों की संख्या में मजदूर वर्ग कार्य करने नगर पहुँचते है।

नगर में तमाम तरह की फैक्टरियां, गृह उद्योग व बड़े कारखाने दर्जनों की संख्या में संचालित हो रहे हैं। रोजी रोटी की तमाम सुविधाओं की भरमार नगर पंचायत बाराद्वार में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं के बराबर नजर आती है। विगत कई वर्षों से सिविल डिस्पेंसरी के भरोसे चल रहे बाराद्वार तहसील को वर्तमान में 50 बिस्तर वाला हॉस्पिटल की जरूरत है। जिससे नगर सहित आसपास के ग्रामीणों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सके। नगर में कुछ प्राइवेट क्लिनिक संचालित हो रहे हैं। वहाँ भी स्वास्थ्य से जुड़े कोई विशेष जांच या ईलाज की सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। प्राइवेट क्लिनिक अपने समय पर खुलते व बंद होते हैं। जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीज को सुविधाएं नहीं मिल पाती। रात में नगर सहित आसपास गाँव मे किसी की तबियत बिगड़ने पर बाराद्वार में कोई रात्रिकालीन स्वास्थ्य सुविधा नहीं है। जिससे आननफानन में मरीज को सक्ति या चाम्पा जाना पड़ता है। नगर में सिर्फ मामूली इलाज की सुविधाएं ही उपलब्ध है। वहीं नगर में नये चीरघर का निर्माण भी हो गया है लेकिन कई बार डॉक्टरों के अभाव में पोस्टमार्टम के लिए सक्ति ले जाना पड़ता है।
एक ही डॉक्टर के भरोसे सिविल डिस्पेंसरी :-
नगर में संचालित सिविल डिस्पेंसरी भी एक ही डॉक्टर के भरोसे संचालित हो रहा है। सिविल डिस्पेंसरी में पदस्थ डॉक्टर श्री विजय लहरे विगत कई वर्षों से अंगत की तरह पाँव पसारे नगर की सेवा कर रहे हैं। बीच बीच में इनकी कार्यशैली की शिकायत भी होती रही है। डॉक्टर साहब के कार्यशैली अखबारों पर भी प्रकाशित हुई मगर डॉक्टर लहरे के बाराद्वार वासियों के प्रति सेवाभाव ने उनकी शिकायतों को बेअसर कर दिया और आज भी अंगद की तरह बाराद्वार में पांव पसारे हुए हैं।
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि :-
हमारे द्वारा नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मांग की गई है। इस संबंध में माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री चरण दास महंत को आवेदन सौंपा गया है। उन्होंने आस्वासन दिया है नगर को जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलेगा।

-श्रीमती रेशमा विजय सूर्यवंशी अध्यक्ष नगर पंचायत बाराद्वार।
सिविल डिस्पेंसरी में लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही। डॉक्टर व स्टॉप की मनमानी भी चरम पर है। वहीं कुछ स्थानीय डॉक्टरों को भी बैठने समय सारणी निर्धारण किया गया है मगर कोई भी डॉक्टर यहाँ समय पर अपनी सेवा नहीं दे रहे हैं।

-विजय सूर्यवंशी उपाध्यक्ष नगर पंचायत बाराद्वार
नगर में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को सक्ति चाम्पा जाना पड़ता है। नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अत्यंत आवश्यकता है।

दीपक ठाकुर पार्षद वार्ड 06
बीते कई वर्षों से स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, सिविल डिस्पेंसरी सिर्फ नाम मात्र का है वहाँ किसी प्रकार की कोई स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलती।

श्रीमती सुशीला राय पार्षद वार्ड क्रमांक 04
नगर में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं के बराबर है। उम्मीद करते हैं हमारे नगर को भी जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या 50 बिस्तर वाला हॉस्पिटल मिले जिससे क्षेत्र वासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

श्रीमती गीता चौबे पार्षद वार्ड 03
