
बे वजह घूमते नजर आए तो इस बार होगी सीधे एफआईआर- डॉ सुभाष सिंह राज
सक्ती : वैश्विक महामारी कोविड 19 प्रदेश में काफी बढ़ रहा है। साथ ही अब कुछ स्थानों पर इंसान से इंसान में भी फैल रहा है। भले ही सरकार द्वारा लोगों को गाइड लाइन दी गई है पर लोगों में जागरूकता की कमी या लापरवाही के कारण शासन को अब इस बार ज्यादा कड़ाई से लॉक डाउन करना पड़ रहा है।
महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला कलेक्टर यशवंत कुमार के दिशा निर्देश पर जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्र में 24 से 30 तक सम्पूर्ण लॉक डाउन किया गया है। इसी कड़ी में सक्ती नगर में भी पूर्ण लॉक डाउन है।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डॉ सुभाष सिंह राज ने सक्ती नगर वासियों से अपील की है कि अपने अपने घरों में रहें और सुरक्षित रहें, लॉक डाउन आम जनों के हित के लिए है, बिना कारण घर से बिल्कुल भी ना निकले। डॉ राज ने बताया कि नगर में प्रवेश के सभी रास्तों पर बेरिकेट्स लगे हुए है और नगर में सुरक्षा कर्मी, नगर पालिका कर्मचारी, राजस्व कर्मचारी बेरिकेट्स के आस पास तैनात हैं, सिर्फ मेडिकल इमरजेंसी और ई पास धारी ही बेरिकेट्स पार कर सकेंगे। डॉ राज ने आगे बताया कि अगर कोई भी बेवजह घूमता नजर आया तो उसके ऊपर सीधे कानूनी कार्रवाई करने का आदेश है। घर मे रहें और पूर्ण रूप से सुरक्षित रहें।



