
विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया चिकित्सा शिविर का आयोजन
सक्ति: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर चांपा के अध्यक्ष जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशानुसार तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण सक्ति के अध्यक्ष अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष कुमार आदित्य द्वारा ग्राम कुरदा में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

चिकित्सा शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री आदित्य ने कोरोना महामारी से बचाव का उपाय बताते हुए कहा कि अब तक इस महामारी का वैक्सीन या निर्धारित दवा चिकित्सा वैज्ञानिकों के द्वारा तैयार नहीं किया गया है। इस दिशा में वैज्ञानिक निरंतर कार्य कर रहे हैं लेकिन इसमें अब तक सफलता प्राप्त नहीं हुई है इसलिए इस कोरोना संक्रमण बीमारी से बचने का सावधानी और एक निश्चित दूरी ही एक उपाय है जिसे अपनाकर ही हम सुरक्षित रह सकते हैं ।उन्होंने कहा कि जब किसी भी सार्वजनिक स्थल या भीड़भाड़ वाले स्थान में जाए तो मास्क जरूर लगाएं 2 गज की दूरी जिसे फिजिकल डिस्टेंसिंग अथवा सोशल डिस्टेंसिंग कह सकते हैं का अवश्य पालन करें तथा सैनिटाइजर का उपयोग करें। साबुन से हाथ अवश्य धोते रहें। चिकित्सकों के सलाह का अवश्य पालन करें। इन उपायों को अपनाकर न केवल स्वयं कोरोनावायरस के संक्रमण से बच सकते हैं अपितु अपने परिवार को भी बचा सकते हैं ।उन्होंने कोरोना संक्रमण पर जानकारी देते हुए कहा कि यह वायरस आपसी संक्रमण के कारण ही फैल रहा है , अर्थात यह बाहर से ही घर में आएगा , यदि घर से बाहर जाने वाला सावधानी रखे तो निश्चित रूप से बाकी परिवार के सदस्यों को इस संक्रमण से बचाया जा सकता है।

शिविर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सक्ति भारती कुलदीप ने भी संबोधित करते हुए कोरोनावायरस के संक्रमण से बचाव के विभिन्न उपाय बताए तथा ग्रामीणों से आह्वान किया कि सरकार द्वारा जो अनलॉक प्रक्रिया किया जा रहा है उससे ज्यादा उत्साहित न हों क्योंकि अभी कोरोनावायरस का संक्रमण समाप्त नहीं हुआ है और यह बीमारी भी समाप्त नहीं हुई है, इसलिए डॉक्टरों एवं चिकित्सा वैज्ञानिकों के सलाह के अनुसार व्यवहार करें और इस संक्रमण से स्वयं तथा अपने परिवार को बचाएं। खंड चिकित्सा अधिकारी सक्ति डॉक्टर अनिल कुमार चौधरी ने ग्रामीणों से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने का अनुरोध किया। चिकित्सा शिविर में उपस्थित ग्रामीणों कर्मचारियों को एडीजे आदित्य द्वारा मल्टी विटामिन सी सिरप एवं जिंक टेबलेट तथा मास्क का वितरण किया गया। इस चिकित्सा शिविर में डॉक्टर के के कौशिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरदा, डॉक्टर पुरुषोत्तम तिवारी , पुलिस थाना नगरदा के थानेदार उसेंडी, ग्राम पंचायत कुरदा के सरपंच श्रीमती पद्मनी साहू , उप सरपंच तथा पंचगण, फार्मासिस्ट बीपी उपाध्याय , एलएचवी रागिनी उपाध्याय, एएनएम तिलेश्वरी राठौर , वार्ड बॉय मनीराम निराला, न्यायालयीन आरक्षक गण देवांगन ,कोमल नारंग ,कर्मचारी देवनारायण देवांगन सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे।



