
नगर निगम खेल रहा नोटिस नोटिस का खेल,,” नींव से नोटिस देते हुए आज 3 मंजिला भवन बन चुका
“दीजिए नोटिस पर नोटिस, खेलिए नोटिस नोटिस,: अवैध निर्माण पर निगम का नोटिस नोटिस:

रिपोर्ट : सतविंदर सिंह अरोरा, बिलासपुर
बिलासपुर : नगर निगम हो और कोई चमत्कार न हो ऐसा नहीं हो सकता। कुछ तो जादू है कि नोटिस देने के बावजूद 3 मंजिला भवन बन गया और नोटिस नोटिस खेलने, निगम के अधिकारियों के कई बार निरीक्षण करने के बाद आज भी अवैध निर्माण धड़ल्ले से जारी है।



हम बात कर रहे हैं सोनगंगा कॉलोनी में निर्माणाधीन अनमोल शर्मा के भवन की जिसमें दिसंबर 2023 में निगम द्वारा भवन अनुज्ञा, भूस्वामी के दस्तावेज आदि प्रपत्रों के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने के लिए अनमोल शर्मा को कहा गया था। उक्त नोटिस का पालन नहीं करने के कारण पुनः द्वितीय नोटिस जोन क्रमांक 7 के कमिश्नर द्वारा अगस्त माह में दिया गया। अब चमत्कार यह है की इस बीच कई बार निगम कर्मचारियों एवं अधिकारियों का आना जाना इस निर्माणाधीन भवन में हुआ तथा उन्होंने इसे बनते बढ़ते हुए भी देखा होगा। फिर भी पता नहीं क्यों इस अवैध निर्माण को इतना बढ़ने दिया और अब अपने बचाव में नोटिस नोटिस का खेल खेल रहे हैं।
ऐसे प्रकरणों से साफ साफ समझ में आता है कि समय रहते इस तरह के निर्माण को होने दिया जाता है तथा बाद में इसे नियमितीकरण के माध्यम से वैध कर दिया जाता है। शासन को चाहिए कि इस प्रकार के अवैध निर्माण के जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों पर कठोर कार्यवाही करे व इस भवन के अवैध निर्माण को कानूनी प्रक्रिया से हटाए।
इसके पूर्व कॉलोनीवासियों ने इस निर्माण पर निर्माणकर्ता के समक्ष कई बार आपत्ति दर्ज की जिसे उसने अनसुना कर दिया। कोई भी व्यक्ति बिना रसूख, बिना नक्शे,बिना अनुज्ञा आदि के इतना बड़ा अवैध निर्माण नहीं कर सकता। यदि साक्षात ऐसा हो रहा है तो इससे यह प्रतीत होता है कि उसके निगम व अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से बहुत ही मधुर संबंध हैं और इस मधुर संबंध का लाभ नगर निगम के अधिकारियों द्वारा लिया और दिया जा रहा है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि अभी नोटिस नोटिस का खेल ही जारी रखा जाएगा या फिर किसी नियम कानून के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाती है।



