
सांसद गुहा राम अजगल्ले की निष्क्रियता का परिणाम सक्ती रेल्वे स्टेशन अमृत भारत में शामिल नहीं — गिरधर जायसवाल
सक्ती: जांजगीर लोकसभा के सांसद की निष्क्रियता का परिणाम है कि सक्ती रेल्वे स्टेशन को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत भारत में शामिल नहीं किया गया।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गिरधर जायसवाल ने सांसद गुहराम अजगल्ले पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि सक्ती क्षेत्र के लिए सांसद महोदय काफी निष्क्रिय हैं आज पर्यन्त उनकी कोई उपलब्धि क्षेत्र की जनता के लिए नहीं है। सांसद महोदय ने सक्ती के लिए हमेशा सौतेला व्यवहार किया है और कभी भी सक्ती के हित की बात नहीं की है।
सक्ती रेल्वे स्टेशन में हर तरफ भारी असुविधा व्याप्त है नागरिकों की विभिन्न मांग भी आज पर्यन्त लंबित हैं जिसके निराकरण के लिए भी सांसद महोदय ने चुप्पी साध ली है।
सक्ती रेलवे स्टेशन के अलावा पोरथा के पास अंडरब्रिज की मांग लम्बे समय से चली आ रही है उस पर भी सांसद ने कोई पहल नहीं किया है, प्लेटफॉर्म नम्बर 2 में नए फुट ओवर ब्रिज नहीं बनने के कारण बने हुए फुट ओवर ब्रिज का कोई औचित्य नहीं रहा। साथ ही वहाँ पेयजल, सेड बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। संसद सदस्य ने आज पर्यंत कोई ध्यान नहीं दिया जिसके कारण बुजुर्ग एवं दिव्यांग रेलयात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। श्री जायसवाल ने आगे कहा कि सांसद महोदय झूठे वादे कर चुनाव जीत गए हैं आने वाले समय में किस मुंह से जनता के सामने जाएंगे और यह भी तय है कि सांसद की निष्क्रियता का स्थानीय जनता जरूर जवाब देगी, सक्ती की जनता के हितों के लिए स्थानीय भाजपा के नेताओं ने भी इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया है जनता इसका भी माकूल जवाब देगी। श्री जायसवाल ने कहा कि जिला सक्ती के रेल्वे स्टेशन को उपेक्षित करना भाजपा को काफी महंगा पड़ेगा,आने वाले चुनाव में जनता इसका हिसाब बराबर करेगी। विदित हो कि सक्ती रेल्वे स्टेशन से मालखरौदा चंद्रपुर जैजैपुर के यात्रियों का भी यहां से आना जाना होता है और सक्ती रेल्वे स्टेशन क्षेत्र का प्रमुख स्टेशन है।



