नगर में बेहतर पुलिसिंग मेरी पहली प्राथमिकता: रूपक शर्मा
सक्ती: नगर में नवपदस्थ नगर निरीक्षक रूपक शर्मा ने पदभार ग्रहण के दिन से ही नगर में भ्रमण कर नगर का जायजा लिया। नगर निरीक्षक लगातार नगर में कानून का कड़ाई से पालन कराने के लिए नगर भ्रमण कर रहे हैं।

नगर निरीक्षक रूपक शर्मा ने बातचीत के दौरान बताया कि मेरी पहली प्राथमिकता यह है कि नगर में बेहतर पुलिसिंग की जाए जिससे आम जनता और पुलिस के मध्य आपसी सामंजस्य स्थापित हो सके ताकि आम जनता अपनी शिकायत या समस्याओं को पुलिस तक बेहतर रूप में पहुंचा सके। पुलिस जनता के हितों की रक्षक है और सदा रक्षक बनकर ही रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि नगर में चल रहे अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के साथ साथ असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर भी लगाम लगाया जाएगा।

बातचीत में आगे उन्होंने कहा कि पुलिस एक टीम के रूप में काम करती है और मैं अपनी पूरी टीम के साथ नगर की जनता के हित के लिए काम करने का प्रयास करूंगा जिससे नगर में शांति तथा बेहतर कानून व्यवस्था का पालन सुचारू रूप से कराया जा सके।



